यूनियन बैंक ने एमसीएलआर में 0.15 प्रतिशत तक की कटौती की

मुंबई, आठ मई सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने सभी परिपक्वता अवधि के ऋणों पर कोष की सीमान्त लागत आधारित ऋण दर (एमसीएलआर) में 0.15 प्रतिशत तक की कटौती की है। यह कटौती 11 मई से प्रभावी होगी।

जुलाई, 2019 के बाद से बैंक ने एमसीएलआर में लगातार 11वीं बार कटौती की है।

बैंक ने बयान में कहा कि एक साल की एमसीएलआर को 0.05 प्रतिशत घटाकर 7.75 से 7.70 प्रतिशत किया गया है।

इसी तरह एक दिन के एमसीएलआर को 7.30 से 7.15 प्रतिशत किया गया है। एक महीने की एमसीएलआर को 0.10 प्रतिशत घटाकर 7.25 प्रतिशत किया गया है।

बैंक ने तीन महीने और छह महीने की एमसीएलआर को 0.05 प्रतिशत घटाकर क्रमश: 7.40 प्रतिशत और 7.55 प्रतिशत कर दिया है।

एक दिन पहले भारतीय स्टेट बैंक ने एमसीएलआर में 0.15 प्रतिशत तक की कटौती की थी। स्टेट बैंक की एक साल की एमसीएलआर दर 7.40 से घटकर 7.25 प्रतिशत रह गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)