संयुक्त राष्ट्र, 19 सितंबर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भारत में जी20 नेताओं को दिए गये अपने संदेश को याद करते हुए मंगलवार को कहा कि मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए ‘वैश्विक समझौते’ करने का समय आ गया है।
उन्होंने यहां राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों से कहा कि दुनिया को मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए खेल कौशल की नहीं बल्कि नेतृत्व कौशल की जरूरत है।
गुतारेस ने यहां मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 78वें सत्र में अपने संबोधन में विश्व नेताओं से कहा, ‘‘देशों के बीच विभाजन गहरा हो रहा है। लोकतंत्र खतरे में है। अधिनायकवाद बढ़ रहा है। असमानताएं बढ़ रही हैं और नफरत फैलाने वाले भाषण बढ़ रहे हैं।’’
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारी दुनिया को नेतृत्व की जरूरत है, ना कि खेल कौशल और गतिरोध की। जैसा कि मैंने जी20 के नेताओं से कहा कि यह वैश्विक समझौते का समय है। राजनीति एक समझौता है। कूटनीति एक समझौता है। प्रभावी नेतृत्व एक समझौता है।’’
संरा प्रमुख इसके पहले नयी दिल्ली जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे।
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि दुनिया के सामान्य हित और शांति तथा समृद्धि के साझा भविष्य के निर्माण में समझौता करना नेताओं की विशेष ज़िम्मेदारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY