ल्वीव, 22 मार्च (एपी) यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि मंगलवार को तड़के रूसी बलों को भीषण लड़ाई के बाद कीव के रणनीतिक लिहाज से अहम उपनगर मकरीव से खदेड़ने में कामयाबी मिली है। वहीं, मारियुपोल के दक्षिणी बंदरगाह पर रूस ने हमले तेज कर दिए हैं। शहर से निकल रहे आम लोगों का कहना है कि बमबारी लगातार जारी है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि मकरीव के एक प्रमुख राजमार्ग को दोबारा यूक्रेनी बलों ने अपने नियंत्रण में ले लिया है, जिससे रूसी बलों को उत्तर-पश्चिम से राजधानी की घेराबंदी करने की मॉस्को की कोशिशों को झटका लगा है।
वही, कई जगहों से रूसी बलों को खदेड़े जाने के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेना ने यूक्रेनी शहरों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं, जिससे आम नागरिकों पर खतरा बढ़ गया है।
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, रूसी हमले के कारण अब तक एक करोड़ से अधिक लोग यूक्रेन छोड़ने को मजबूर हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने युद्ध के दौरान 900 से अधिक आम नागरिकों की मौत की पुष्टि की है और साथ ही कहा कि मृतकों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
उधर, अमेरिका के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि रूसी बलों ने पिछले दो दिनों में हवाई हमले तेज कर दिए हैं और रूस ने पिछले 24 घंटे में कम से कम 300 ऐसे हमले किए हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से रूसी बलों ने अब तक 1,100 से अधिक मिसाइलें यूक्रेन में दागी हैं।
कीव में मंगलवार को लगातार गोलीबारी और धमाकों की आवाज सुनायी दी और उत्तर स्थित एक स्थान से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। इसके अलावा, कीव के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बमबारी की तेज आवाजें सुनीं गईं, जहां रूसी बलों ने कई उपनगरीय इलाकों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।
कीव में बुधवार सुबह तक जारी 35 घंटे लंबे कर्फ्यू के कारण लोग घरों या भूमिगत आश्रय स्थलों में ठहरे रहे।
इस बीच, यूक्रेन के लिए दुनियाभर के सांसदों का समर्थन प्राप्त करने की कवायद में जुटे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को इटली के सांसदों से बात की और उन्हें बताया कि मारियुपोल की बंदरगाह रूसी हमले में बुरी तरह तबाह हो गई है। जेलेंस्की ने पोप फ्रांसिस से भी बात की है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने मारियुपोल जैसे इटली के बंदरगाह का हवाला देते हुए सांसदों से कहा कि महत्वपूर्ण बंदरगाह को तबाह किए जाने के बारे में कल्पना कीजिए। उन्होंने कहा कि अब तक युद्ध में 117 से अधिक बच्चों की जान जा चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY