पूर्व इंग्लिश कप्तान Kevin Pietersen का बड़ा बयान, कहा- ब्रिटेन में नहीं होना चाहिए WTC फाइनल जैसा बड़ा मैच
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में बारिश के कहर को देखते हुए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन का मानना है कि बेहद महत्व वाला कोई भी क्रिकेट मैच अपने अस्थिर मौसम के लिये बदनाम ब्रिटेन में आयोजित नहीं किया जाना चाहिए.
साउथम्पटन, 21 जून: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में बारिश के कहर को देखते हुए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन का मानना है कि बेहद महत्व वाला कोई भी क्रिकेट मैच अपने अस्थिर मौसम के लिये बदनाम ब्रिटेन में आयोजित नहीं किया जाना चाहिए. भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रहा फाइनल मैच अब ड्रा की तरफ बढ़ता जा रहा है क्योंकि पिछले चार दिनों में इसमें लगभग 140 ओवर का ही खेल हो पाया है. पीटरसन ने इस महत्वपूर्ण फाइनल के लिये साउथम्पटन को चुनने के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘यह कहते हुए मुझे पीड़ा हो रही है लेकिन कोई भी बेहद महत्वपूर्ण क्रिकेट मैच ब्रिटेन में नहीं खेला जाना चाहिए.’’
पीटरसन का मानना है कि फाइनल जैसा मैच दुबई में खेला जाना चाहिए जहां मौसम से जुड़े व्यवधान की बहुत कम संभावनाएं होती हैं. इंग्लैंड के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ‘‘यदि मुझे फैसला करना होता तो मैं डब्ल्यूटीसी फाइनल जैसे मैच के लिये दुबई को मेजबान चुनता. नैसर्गिक स्थल, शानदार स्टेडियम, मौसम अच्छा रहने की गारंटी, अभ्यास की बेहतरीन सुविधाएं और यात्रा के लिये उत्तम जगह. और हां स्टेडियम के करीब ही आईसीसी का मुख्यालय भी है.’’
यह भी पढ़ें- ICC WTC Final 2021: इंग्लैंड में Ishant Sharma का डंका, विकेट चटकाते ही 2 बड़े रिकॉर्ड किए अपने नाम
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने तो आईसीसी की आलोचना करने में अधिक मजाकिया अंदाज दिखाया. सहवाग ने ट्वीट किया, ‘‘बैट्समैन (बल्लेबाज) को भी टाइमिंग नहीं मिली ढंग की और आईसीसी को भी.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2021 07:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

