देश की खबरें | उदित राज ने राहुल गांधी के इशारे पर थरूर पर निशाना साधा: भाजपा

नयी दिल्ली, 28 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता उदित राज, राहुल गांधी के इशारे पर अपनी पार्टी के सहयोगी शशि थरूर पर निशाना साध रहे हैं, क्योंकि जब पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब करने की बात आयी तो केरल के सांसद ने राष्ट्रीय हित को अपनी पार्टी और गांधी परिवार से ऊपर रखा।

भाजपा की यह टिप्पणी उदित राज द्वारा थरूर पर निशाना साधे जाने के बाद आई है। थरूर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पांच देशों के लिए रवाना हुए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। थरूर ने पनामा में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा था कि पहली बार ऐसा हुआ कि सितंबर, 2016 में उरी हमले के बाद भारत ने आतंकी ठिकानों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच की नियंत्रण रेखा को पार किया।

उदित राज ने अपनी पार्टी के सांसद शशि थरूर के ताजा बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर देना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने उदित राज की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और सवाल किया कि क्या पार्टी में देश के लिए बोलना मना है।

रीजीजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कांग्रेस का हाथ किसके साथ? क्या कांग्रेस पार्टी में देश के लिए बोलना मना है? हम भारतीयों को कम से कम इस महत्वपूर्ण समय में एक स्वर में बोलना चाहिए।’’

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गांधी के इशारे पर थरूर पर हमला करने के लिए उदित राज को ऐसे समय में लगाया है, जब कांग्रेस सांसद थरूर के नेतृत्व में एक सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विदेश में है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जो ‘‘अपने ही नेता पर मिसाइल दाग रही है’’, पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलेगी।

पूनावाला ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘राहुल गांधी के इशारे पर शशि थरूर पर हमला किया जा रहा है, क्योंकि शशि थरूर ने भारत को प्राथमिकता दी, न कि (गांधी) परिवार को। उन्होंने राष्ट्रीय हित की बात की, न कि अपनी पार्टी के हित की। उन पर इसलिए हमला किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रीय नीति को वोट बैंक (राजनीति) से ऊपर रखा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)