कुम्बला (केरल), 31 जनवरी केरल में विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ ने राज्य की माकपा नीत एलडीएफ सरकार पर उसके पांच वर्ष के ‘कुशासन’ को लेकर रविवार को निशाना साधा और राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले 22 दिवसीय राज्यव्यापी यात्रा शुरु की। केरल में विधानसभा चुनाव इस वर्ष अप्रैल-मई में होने की संभावना है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला के नेतृत्व में 'ऐश्वर्या केरल' यात्रा को कासरगोड जिले के कुम्बला में हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि एलडीएफ सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान अपनी 'उपलब्धियों' पर बहुत सारे दावे किए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सच नहीं है। पिछले पांच साल बर्बाद हो गए क्योंकि न तो लोगों ने और न ही राज्य ने वाम शासन के दौरान कुछ हासिल किया।’’
चांडी ने सवाल किया, ‘‘वह विकास क्या है जिसका दावा वे कर रहे हैं? ’’
उन्होंने उल्लेखित किया कि कन्नूर हवाई अड्डा, विझिनजम बंदरगाह और कोच्चि मेट्रो परियोजनाएं पिछली यूडीएफ सरकार द्वारा शुरू की गई थीं।
उन्होंने कहा कि कासरगोड को आवंटित मेडिकल कॉलेज एक वास्तविकता नहीं बन पाया, जिसके कारण लोगों को महामारी के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘पीछे के दरवाजे से नियुक्ति करने’ के प्रयास किये जा रहे हैं।
चांडी ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को एक पत्र लिखे जाने के एक दिन बाद सबरीमाला में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर वामपंथी सरकार की आलोचना की। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के फैसले को कथित तौर पर जल्दबाजी में लागू करने से समाज में बने ‘‘घावों को भरने’’ के लिए कानूनी उपायों की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए चेन्नीथला ने कहा कि लोग एलडीएफ सरकार के पांच साल के "कुशासन" से तंग आ चुके हैं और इसे दूसरा कार्यकाल नहीं देंगे।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘घोटाले में घिरी सरकार ने लोगों को धोखा दिया है।’’ उन्होंने सोने की तस्करी, डॉलर की तस्करी के मामलों और विभिन्न अन्य भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख किया।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर यूडीएफ सरकार सत्ता में आयी तो वह सबरीमाला भक्तों के विश्वास की रक्षा के लिए कानून लाएगी।
केपीसीसी के अध्यक्ष एम रामचंद्रन ने कहा कि एलडीएफ सरकार ने लोगों को "धोखा" दिया है और सभी मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यूडीएफ 140 में से 100 सीटें जीत कर सत्ता में आएगा।
एआईसीसी महासचिव तारिक अनवर, आईयूएमएल नेता पी के कुन्हालीकुट्टी, यूडीएफ संयोजक एम एम हसन और केरल कांग्रेस के नेता पी जे जोसेफ बोलने वालों में शामिल थे।
रैली 14 जिलों में फैले 140 निर्वाचन क्षेत्रों से गुजरने के बाद 22 फरवरी को राज्य की राजधानी पहुंचेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY