एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | यूएई की नौसेना के कमांडर भारत दौरे पर; सीडीएस, नौसेना प्रमुख से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की नौसेना के कमांडर मेजर जनरल हुमैद मोहम्मद अब्दुल्ला अल रिमिसी ने मंगलवार को भारत के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ समुद्री सहयोग, नौसैनिक जुड़ाव और दोनों देशों के बीच समग्र संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत की।

देश की खबरें | यूएई की नौसेना के कमांडर भारत दौरे पर; सीडीएस, नौसेना प्रमुख से मुलाकात की

नयी दिल्ली, आठ जुलाई संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की नौसेना के कमांडर मेजर जनरल हुमैद मोहम्मद अब्दुल्ला अल रिमिसी ने मंगलवार को भारत के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ समुद्री सहयोग, नौसैनिक जुड़ाव और दोनों देशों के बीच समग्र संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत की।

वह सात से नौ जुलाई तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। मेजर जनरल अल रिमिसी ने दिल्ली में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी से मुलाकात की।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “मेजर जनरल हुमैद मोहम्मद अब्दुल्ला अल रिमिसी की यात्रा भारत-यूएई नौसेना संबंधों में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य सहयोग को गहरा करना और हिंद महासागर क्षेत्र में साझा हितों को बढ़ावा देना है।”

अधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य समुद्री सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। उनकी यात्रा में दिल्ली में उच्च-स्तरीय चर्चा और परिचालन पर बातचीत शामिल है।

इससे पहले मंगलवार को मेजर जनरल अल रिमिसी ने यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय बहादुरों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्हें औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

बयान के मुताबिक, उनकी भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी के साथ द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें नौसेना की भागीदारी बढ़ाने, संरचित प्रशिक्षण भागीदारी और समुद्री सहयोग पर चर्चा की गई।

‘हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ’ (एचक्यू आईडीएस) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सीडीएस के साथ उनकी बैठक की तस्वीरें साझा कीं। इसमें कहा गया, "बातचीत में भारत-यूएई रक्षा सहयोग की बढ़ती गहराई को रेखांकित किया गया जिसमें समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने, संयुक्त प्रशिक्षण और अंतर-संचालन को बढ़ाने पर चर्चा की गई।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 12:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).