ईटानगर, 30 जुलाई अरुणाचल प्रदेश के एक सरकारी अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित दो महिलाओं ने स्वस्थ शिशुओं को जन्म दिया है।
अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नवजातों में एक लड़का और दूसरी लड़की है और दोनों की जांच में कोविड-19 की पुष्टि नहीं हुई है।
अस्पताल के निदेशक डॉ मोजी जिनि ने कहा कि महिलाओं ने टोमो रिबा स्वास्थ्य और चिकित्सा विज्ञान संस्थान (टीआरआईएचएमएस) में बुधवार को शिशुओं को जन्म दिया।
उन्होंने कहा कि राजधानी परिसर क्षेत्र की निवासी 32 वर्षीय एक महिला ने तीन किलोग्राम की बच्ची को जन्म दिया और पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा की रहने वाली एक अन्य महिला ने 3.2 किलोग्राम के एक बच्चे को जन्म दिया।
अब तक संस्थान में तीन संक्रमित महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया है। टीआरआईएचएमएस में इससे पहले 22 जुलाई को कोरोना वायरस संक्रमित महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY