खेल की खबरें | प्रीमियर लीग में दो टीम ने 22 सेकेंड के भीतर गोल दागे, आर्सेनल जीत के साथ दूसरे स्थान पर

आर्सेनल भी नॉटिंघम फॉरेस्ट को 2-1 से हराकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है और उसने शीर्ष पर चल रहे लीवरपूल पर दबाव बढ़ा दिया है।

आर्सेनल की ओर से गैब्रिएल जीसस (65वें मिनट) और बुकायो साका (72वें मिनट) ने गोल दागे।

नॉटिंघम फॉरेस्ट की ओर से एकमात्र गोल ताइवो अवोनियी ने 89वें मिनट में किया।

इस जीत से आर्सेनल की टीम 22 मैच में 46 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। फॉरेस्ट की टीम इतने ही मैच में 20 अंक के साथ 16वें स्थान पर है।

लीवरपूल 48 अंक के साथ शीर्ष पर है। उसने आर्सेनल से एक मैच कम खेला है।

मंगलवार को कुल पांच मुकाबले हुए जिसमें 16 गोल दागे गए।

लुटोन टाउन ने एलिजा एदेबायो के तीन गोल की मदद से ब्राइटन को 4-0 से हराया। टीम इस जीत से फिलहाल रेलीगेशन (निचली लीग में खिसकना) के खतरे से बाहर आ गई है।

एदेबायो ने पहला गोल 18 सेकेंड के बाद दागा। उनका यह गोल हालांकि बामुश्किल रात का सबसे तेज गोल रहा क्योंकि बेन ब्रेरेटन डियाज ने 21 सेकेंड बाद गोल दागा लेकिन इसके बावजूद शेफील्ड यूनाईटेड को क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ 2-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

फुलहम ने एवर्टन से गोल रहित ड्रॉ खेला जबकि एस्टन विला को न्यूकासल के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)