देश की खबरें | राजस्थान में भड़काऊ व्हाट्सएप संदेश को लेकर दो लोग गिरफ्तार

कोटा (राजस्थान), 13 अप्रैल राजस्थान के कोटा में व्हाट्सएप पर एक भड़काऊ संदेश पोस्ट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उस संदेश को लेकर इन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें मुस्लिम युवाओं को एकजुट होने और अपनी तथा अपनी मस्जिदों का ‘‘बचाव’’ करने के लिए कहा गया है।

इस संदेश को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों द्वारा चलाए जा रहे ‘व्हाट्सएप ग्रुप’ पर पोस्ट किया गया था।

अंचल अधिकारी रामकिशन मेघवाल ने कहा, ‘‘बजरंग दल के सदस्य योगेश रानीवाल की शिकायत के बाद मंगलवार को वक्फ बोर्ड के सदस्य सलमान पठान (22) और शाहरुख (25) के खिलाफ जवाहर नगर पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 151 (सार्वजनिक शांति भंग करने) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।’’

रानीवाल ने आरोप लगाया कि ‘टीम यूथ बीजेपी’ व्हाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट किए गए भड़काऊ वीडियो क्लिप में मुसलमानों के एक समूह को एक हिंदू रैली पर पथराव करते दिखाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक अन्य संदेश में मुस्लिम युवाओं को एकजुट होने और अपनी तथा अपनी मस्जिदों का ‘‘बचाव’’ करने के लिए कहा गया है।

पुलिस ने कहा कि पठान ने पूछताछ में बताया कि उसके दोस्त शाहरुख ने उसे संदेश भेजा था।

इस बीच, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुदर्शन गौतम ने कहा कि पठान संगठन का सदस्य नहीं है और इस बात की जांच की जा रही है कि वह मोर्चा के सदस्यों के लिए बने ‘व्हाट्सएप ग्रुप’ तक कैसे पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों लोगों को अदालत में पेश किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)