एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी के वास्ते जासूसी करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तैनात एक अधिकारी से जुड़ी जासूसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

देश की खबरें | पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी के वास्ते जासूसी करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

चंडीगढ़, 11 मई पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तैनात एक अधिकारी से जुड़ी जासूसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने भारतीय सेना की गतिविधियों के बारे में पाकिस्तान स्थित आका (हैंडलर) को संवेदनशील जानकारी पहुंचाने के आरोप में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।

डीजीपी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पूछताछ के दौरान किए गए खुलासे के आधार पर, एक दूसरे व्यक्ति की भी पहचान की गई और उसे हिरासत में ले लिया गया।’’

यादव के मुताबिक, प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपियों को गोपनीय जानकारी के बदले ऑनलाइन माध्यम से पैसे मिल रहे थे।

उन्होंने कहा कि आरोपी, आका के लगातार संपर्क में थे और उसके निर्देशानुसार वे अन्य स्थानीय गुर्गों को भुगतान में हिस्सा देते थे।

डीजीपी ने बताया कि दोनों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं और एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

यादव ने कहा, ‘‘यह अभियान सीमा पार जासूसी नेटवर्क को ध्वस्त करने में एक महत्वपूर्ण कदम है और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।’’

उसने कहा कि स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की जांच की जाएगी, जिसमें वित्तीय लेन-देन के स्रोत का पता लगाना और नेटवर्क के भीतर अन्य लोगों और संपर्कों की पहचान करना शामिल होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2025 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).