देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर विधानसभा में श्रद्धांजलि देते समय दो विधायकों ने सैयद अली शाह गिलानी का उल्लेख किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते समय दो विधायकों ने कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी का उल्लेख अपने भाषण में किया।
श्रीनगर, पांच नवंबर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते समय दो विधायकों ने कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी का उल्लेख अपने भाषण में किया।
विधानसभा द्वारा दिवंगत नेताओं- हस्तियों को श्रद्धांजलि देते हुए एक दर्जन से अधिक विधायकों ने अपने-अपने विचार रखे।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के तराल से विधायक रफी अहमद नाइक और सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस के श्रीगुफवाड़ा-बिजबेहरा से विधायक बशीर अहमद वीरी ने अपने भाषण में गिलानी का उल्लेख किया।
नाइक ने कहा, ‘‘ आज हम उन महान हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां हैं जो इस सदन के सदस्य थे या उच्च (संवैधानिक) पदों पर आसीन थे...इनमें सैयद अली शाह गिलानी भी हैं। हमारी विचारधाराएं बहुत अलग हो सकती हैं लेकिन वह इस सदन के सदस्य थे। वह अच्छे वक्ता थे।’’
वीरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित भारतीय राजनीति की विभिन्न हस्तियों का उल्लेख किया। उन्होंने गिलानी का भी उल्लेख किया जो सोपोर के पूर्व विधायक थे।
वीरी ने कहा, ‘‘ एक अन्य सम्मानित हस्ती हैं जो इस सदन के सदस्य थे। हमारे वैचारिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन वह भी आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते थे। मैं सैयद अली शाह गिलानी को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2024 03:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

