एजेंसी न्यूज

उत्तर प्रदेश: आर्थिक तंगी से परेशान दो प्रवासी मजदूरों ने की आत्महत्या

बांदा जिले में कथित रूप से आर्थिक तंगी से परेशान दो प्रवासी मजदूरों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मटौंध थाने के प्रभारी निरीक्षक रामेंद्र तिवारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के लोहरा गांव के रहने वाले मजदूर सुरेश ने बुधवार को खेत में लगे एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

उत्तर प्रदेश: आर्थिक तंगी से परेशान दो प्रवासी मजदूरों ने की आत्महत्या
फांसी का फंदा (Photo Credits: Pixabay)

बांदा, 28 मई: बांदा जिले में कथित रूप से आर्थिक तंगी से परेशान दो प्रवासी मजदूरों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मटौंध थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रामेंद्र तिवारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के लोहरा गांव के रहने वाले मजदूर सुरेश (22) ने बुधवार को खेत में लगे एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह लॉकडाउन में दिल्ली में फंसा था और पांच दिन पूर्व ही अपने गांव लौटा था.

मृत युवक के परिजनों के हवाले से उन्होंने बताया कि दिल्ली से लौटने के बाद उसके पास खर्च के लिए पैसे नहीं थे, जिसके चलते उसने फांसी लगा ली. शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है. ऐसी ही एक अन्य घटना पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधन कलां गांव की है. यहां दस दिन पूर्व मुंबई से लौटे प्रवासी मजदूर मनोज (20) ने बुधवार को अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

यह भी पढ़ें: चेन्नई: कोरोना वायरस संक्रमित मरीज ने दी जान, बाथरूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या

उसके पड़ोसी अभिलाष ने बताया कि मनोज मुंबई में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से कंपनी बंद हो गयी, जिससे वह गांव लौट आया था. उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अकेला था. मुंबई से लौटने के बाद उसके पास राशन आदि भी खरीदने के लिए धन नहीं था.

पैलानी के थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम कराने के बाद ग्रामीणों ने मृत प्रवासी मजदूर मनोज के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है. उन्होंने बताया कि मृतक के गांव के लोग उसकी आत्महत्या की वजह आर्थिक संकट बता रहे हैं, मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2020 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).