देश

Vasai Suicide Case: बेटे और उसके दोस्त की कथित प्रताड़ना से परेशान 84 वर्षीय पिता ने की आत्महत्या, मुंबई लोकल ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

महाराष्ट्र के वसई में बेटे और उसके दोस्त के कथित उत्पीड़न से परेशान 84 वर्षीय बुजुर्ग गेब्रियल डोमिनिक कॉउटिन्हो ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Vasai Suicide Case: बेटे और उसके दोस्त की कथित प्रताड़ना से परेशान 84 वर्षीय पिता ने की आत्महत्या, मुंबई लोकल ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

Vasai Suicide Case:  महाराष्ट्र के वसई शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. अपने बेटे और उसके दोस्त द्वारा कथित तौर पर लंबे समय से किए जा रहे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर 84 वर्षीय बुजुर्ग ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. यह दुखद घटना वसई के नाइगांव इलाके में घटी, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है.

मृतक बुजुर्ग की पहचान 84 वर्षीय गेब्रियल डोमिनिक कॉउटिन्हो के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आत्महत्या करने से ठीक पहले बुजुर्ग ने अपनी बेटी रूपा नोएल चिरायत से मुलाकात की थी और उसे एक बैग सौंपा था, जिसमें एक सुसाइड नोट और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे.   यह भी पढ़े:   Sahil Wakode Suicide Case: साहिल वाकोडे की मौत के मामले में IIT बॉम्बे के छात्रों का कैंडल मार्च, जांच समिति के पुनर्गठन की उठाई मांग

12-13 वर्षों से जारी था उत्पीड़न

बेटी द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनका भाई श्याम कॉउटिन्हो पिछले 12 से 13 वर्षों से छोटी-छोटी बातों पर पिता को परेशान कर रहा था. 26 सितंबर को अंडे रखने वाली रैक टूटने के मामूली विवाद पर श्याम ने अपने बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट की.

इसके कुछ ही देर बाद श्याम के दोस्त सागर ने भी बुजुर्ग के साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, आरोपियों ने बुजुर्ग से खाने की थाली छीन ली, उन्हें भूखा रखा और घर से बाहर निकाल दिया.

बेटी को बैग सौंपकर स्टेशन पहुंचे बुजुर्ग

पीड़ित पिता 28 सितंबर को अपनी बेटी के स्कूल के पास उससे मिले. उन्होंने बेटी को एक बैग सौंपते हुए कहा कि इसमें आवश्यक दस्तावेज और पैसे रखे हैं. इसके बाद वे नाइगांव रेलवे स्टेशन पहुंचे और सामने से आ रही लोकल ट्रेन के आगे कूद गए. इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद जब बेटी ने बैग की जांच की, तो उसमें एक सुसाइड नोट मिला. नोट में साफ तौर पर लिखा था कि वे अपने बेटे श्याम और उसके दोस्त सागर द्वारा किए जा रहे असहनीय टॉर्चर के कारण यह आत्मघाती कदम उठा रहे हैं. इस उत्पीड़न से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए भयंदर रेलवे पुलिस ने आरोपी बेटे श्याम और उसके दोस्त सागर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (Abetment of Suicide) का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और वायरल वीडियो व सुसाइड नोट को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 06, 2026 03:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).