देश की खबरें | डोडा में कार के गहरे खड्ड में गिरने से दो की मौत

भद्रवाह/जम्मू, 11 मई जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में बृहस्पतिवार शाम को एक कार के सड़क पर फिसल कर 200 फुट गहरे खड्ड में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि एक मोड़ पर गाड़ी को मोड़ने के दौरान चालक कार से नियंत्रण खो बैठा जिस वजह से यह हादसा हुआ।

उसने बताया कि घटना मल्होरी गांव के पास बटोटे-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है। उसने बताया कि मृतकों की पहचान पंथन परनोटे प्रेम नगर के जोगिंदर पॉल और प्रेम नगर के रंजीत कुमार के तौर पर हुई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल कयूम ने कहा, “ दो लोग एक निजी कार से डोडा के प्रेमनगर इलाके से जम्मू जा रहे थे। जब वे मल्होरी पहुंचे तो एक मोड़ पर तेज गति के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।”

उन्होंने कहा, "दोनों को जीएमसी, डोडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।"

कयूम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

एक अलग घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को डोडा-भद्रवाह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने 58 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई।

उसने बताया कि घटना उस समय हुई जब मसरी गांव के रहने वाले मीरदीन अपने घर की ओर जा रहे थे।

भद्रवाह के पुलिस अधीक्षक कमेश्वर पुरी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से मीरदीन को टक्कर मारने वाली गाड़ी की पहचान कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)