देश की खबरें | अमरोहा में बस की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, हंगामा

अमरोहा (उप्र), 18 जुलाई अमरोहा जिले के डिंडोली इलाके में सोमवार को परिवहन विभाग की बस की चपेट में आने से दो कांवड़ियों की मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने बस को क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अमरोहा के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगे ने बताया कि डिंडौली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक सवार कांवड़ यात्रियों को एक बस ने टक्कर मार दी जिससे राहुल (17) और पास के मुरादाबाद जिले के गौरव (23) की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद कुछ कांवड़ियों ने बस पर हमला बोल दिया। कांवड़ियों के समूह ने हाईवे पर जाम लगाकर यातायात भी रोक दिया। स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने गुस्साए कांवड़ियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद उन्होंने रास्ता खाली किया।

पुलिस ने मामले को लेकर बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि "शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।"

इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा, '' मुख्यमंत्री ने अमरोहा में सड़क दुर्घटना से हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।''

चंदन आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)