देश की खबरें | गौतमबुद्ध नगर में अलग-अलग जगह से दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद

नोएडा, सात जून गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार रात दो अलग-अलग जगहों से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 10 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

थाना दादरी के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि उप निरीक्षक राजेश बाबू बीती रात गश्त पर थे और उन्हें सूचना मिली कि शिव नादर यूनिवर्सिटी के पास एक अज्ञात व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक ने मोहम्मद समर आलम पुत्र मोहम्मद मकसूद आलम को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थ बेचने का काम करता है।

उन्होंने बताया कि इसके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी इकट्ठी की जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार ने अब्दुल अतीक नामक व्यक्ति को हाजी फार्म हाउस, जीटी रोड के पास से गिरफ्तार किया और उसके पास से भी 5 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह काफी दिन से अवैध रूप से गांजा बेचने के धंधे में संलिप्त है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)