देश की खबरें | लिंग निर्धारण परीक्षण रोकने के लिए साथ आए ओडिशा और आंध्र के दो जिले

बरहामपुर, 28 जुलाई ओडिशा के गंजाम जिला प्रशासन ने लिंग निर्धारण परीक्षण करने वाले अवैध अल्ट्रासाउंड क्लीनिक पर संयुक्त छापों के लिए पड़ोसी आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के साथ हाथ मिलाया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि एक बैठक में यह फैसला किया गया जिसमें दोनों जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों ने भाग लिया।

गंजाम के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी उमाशंकर मिश्रा ने कहा, ‘‘बैठक में यह फैसला भी किया गया कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण करने, लिंग निर्धारण परीक्षण कराने वाले बिचौलियों का पता लगाने और कानूनी कार्रवाई के लिए कार्यबल बनाया है।’’

मिश्रा ने कहा कि दोनों जिलों में अवैध लिंग निर्धारण परीक्षण रोकने और लिंगानुपात में सुधार लाने पर विचार-विमर्श करने के लिए यह पहली ऐसी बैठक थी।

उन्होंने कहा कि जल्द ही इस तरह की एक और बैठक जिलाधिकारी स्तर पर आयोजित की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-5 के अनुसार गंजाम जिले में जन्म के समय लिंग अनुपात 855 और श्रीकुलम जिले में जन्म के समय लिंग अनुपात 900 से कम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)