देश की खबरें | विधानसभा परिसर में दो दिवसीय ‘हरियाणा युवा संवाद’ शुरू

चंडीगढ़, दो अप्रैल विधानसभा परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘हरियाणा युवा संवाद’ बुधवार को शुरू हुआ और इस कार्यक्रम में कई युवा विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

यहां एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि युवा प्रतिभागियों ने हरियाणा के विकास से संबंधित अपने विचार और रचनात्मक समाधान प्रस्तुत किए।

बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के विकास में ‘डिजिटलाइजेशन’ की भूमिका पर चर्चा की गई और इस पर चर्चा करते हुए युवाओं ने 21वीं सदी में ‘ई-गवर्नेंस’ तथा ‘ई-साक्षरता’ के बढ़ते प्रभाव पर अपने विचार रखे।

इस दौरान हरियाणा में डिजिटल अवसंरचना के विकास और विस्तार की रणनीति, सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण द्वारा प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि, ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए अभिनव पहल, डिजिटल अंतर को पाटने और सूचना प्रौद्योगिकी तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के उपाय, स्मार्ट शहरों और डिजिटल गांवों की अवधारणा का कार्यान्वयन जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

चर्चा का एक अन्य विषय प्रगतिशील हरियाणा के लिए महिलाओं को सशक्त बनाने से संबंधित था, जिसके तहत लैंगिक समानता को विकास का आधार बताया गया।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष केएल मिड्ढा ने डिजिटलीकरण का समर्थन करते हुए कहा कि ‘कीबोर्ड’ में दुनिया को बदलने की ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी के पीछे भागने के बजाय नौकरी देने वाला बनना चाहिए और समाज को बदलने के लिए आगे आना होगा।

कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है, लेकिन हमें अच्छा नेता बनने से पहले अच्छा इंसान बनना होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)