देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से मुठभेड़ में सीआरपीएफ के दो जवान घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रायपुर, नौ मार्च छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में करीब आधा दर्जन नक्सली गोली लगने के कारण घायल हो गए।
सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि सुकमा के किस्टाराम थाना क्षेत्र के सकलेर गांव के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हुए हैं।
शर्मा के मुताबिक, डब्बामरका शिविर से सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और एसटीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए बृहस्पतिवार सुबह छह बजे के आसपास सकलेर गांव की तरफ रवाना किया गया था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुबह सात बजे के आसपास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई।
शर्मा के अनुसार, मुठभेड़ लगभग 45 मिनट तक चली और सुरक्षाबलों की जबरदस्त जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली घने जंगल में भाग निकले।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने जब घटनास्थल की तलाशी ली, तब वहां से भारी मात्रा में बैरल ग्रेनेड लॉन्चर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
शर्मा के मुताबिक, इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के निरीक्षक मुनेश कुमार मीणा और आरक्षक अमित मोड़क को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सलियों को गोली लगी, जिसके बाद वे जंगल की ओर भाग गए।
शर्मा के अनुसार, इलाके में तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों के वापस लौटने के बाद मुठभेड़ के संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 09, 2023 01:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

