देश की खबरें | अमृतसर में पुलिस चौकी के बाहर हथगोला फेंकने के मामले में दो गिरफ्तार

चंडीगढ़, 28 जनवरी पंजाब पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने अमृतसर में गुमटाला पुलिस चौकी के बाहर हथगोला फेंकने की घटना में कथित रूप से शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपी अमेरिका में रह रहे आतंकवादी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया और तस्कर सरवन भोला के गुर्गे हैं।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बग्गा सिंह और पुष्करन सिंह उर्फ सागर के रूप में हुई है।

यादव के अनुसार बग्गा सिंह हरियाणा के सिरसा के गुरू तेग बहादुर नगर का निवासी है जबकि पुष्करन सिंह अमृतसर के अमरकोट का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि दोनों के पास से एक हथगोला और दो पिस्तौल बरामद की गयी हैं।

नौ जनवरी को अमृतसर जिले में गुमटाला पुलिस चौकी के बाहर बहुत तेज आवाज सुनाई थी।

पुलिस ने तब किसी धमाके से इनकार किया था और दावा किया था कि यह ‘कार रेडियेटर’ में हुए धमाके की आवाज थी।

इस घटना के बाद आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने इस आतंकवादी हमले की सोशल मीडिया मंच पर जिम्मेदारी ली थी।

गौरव यादव ने बताया कि जांच से खुलासा हुआ है कि बग्गा सिंह, सरवन भोला का रिश्तेदार है और सरवन भोला कुख्यात तस्कर रंजीत सिंह उर्फ ​​चीता का भाई है जो (चीता) वर्तमान में 532 किलोग्राम हेरोइन मामले में बठिंडा जेल में बंद है।

सरवन भी हेरोइन बरामदगी मामले में वांछित है और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

अमृतसर के सहायक महानिरीक्षक सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस चौकी पर हमले के बाद पुलिस ने खुफिया अभियान चलाया और सिरसा से बग्गा सिंह और अमृतसर से पुष्करण सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के बाद विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)