देश की खबरें | मध्य प्रदेश में ‘फील्ड फायरिंग’ अभ्यास में थल सेना के दो कर्मियों की मौत

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर मध्य प्रदेश के बबीना में ‘फील्ड फायरिंग’ अभ्यास के दौरान एक टैंक का बैरल फट जाने के कारण थल सेना के दो जवानों की मृत्यु हो गई। इस घटना में एक जवान के घायल होने की खबर है।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को हुई इस घटना में टी-90 टैंक का बैरल फटने से तीन जवान घायल हो गए।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ छह अक्टूबर को बबीना फील्ड फायरिंग रेंज में वार्षिक गोलीबारी के दौरान, एक टैंक का बैरल फट गया। तीन कर्मियों का एक दल उस टैंक का संचालन कर रहा था। तीनों सदस्यों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और उन्हें बबीना के सैन्य अस्पताल ले जाया गया।’’

उन्होंने बताया, " दुर्भाग्यवश कमांडर और गनर की जलने के कारण मौत हो गई। चालक का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।’’

समझा जाता है कि कमांडर एक जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) थे। थल सेना ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

थल सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "भारतीय सेना दुर्घटना में जान गंवाने वाले सैनिकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)