विदेश की खबरें | तुर्किये ने नाटो के विस्तार, एफ-16 लड़ाकू विमानों के सौदे के बीच संबंध होने से इनकार किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

तुर्किये ने आतंकवाद को लेकर चिंताओं का उल्लेख करते हुए ट्रांस-अटलांटिक रक्षा गठबंधन में ‘नॉर्डिक’ देशों को शामिल करने में देरी की है।

ब्लिंकन ने तुर्किये के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लु के साथ अंकारा में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम आश्वस्त हैं कि नाटो जल्द ही औपचारिक रूप से उनका स्वागत करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘और जब यह होगा, इससे अमेरिका और तुर्किये सहित नाटो के प्रत्येक सदस्य की सुरक्षा में इजाफा होगा।’’

कावुसोग्लु ने तुर्किये के इस रुख को दोहराया कि वह स्वीडन से पहले फिनलैंड के नाटो में शामिल होने के लिए मंजूरी देने का इच्छुक है। तुर्किये अपने खिलाफ 39 साल से चरमपंथी गतिविधियों में लिप्त कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के प्रति स्टॉकहोम की सहिष्णुता को लेकर सवाल खड़े करता रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्वीडन में अब भी पीकेके समर्थक हैं। वे लोगों की भर्ती कर रहे हैं और आतंकी गतिविधियों का वित्त पोषण कर रहे हैं तथा वे स्वीडन में आतंकी दुष्प्रचार कर रहे हैं...क्योंकि वे नहीं चाहते कि स्वीडन नाटो का सदस्य बने।’’

उन्होंने स्वीकार किया कि स्वीडन ने तुर्किये की मांगों को पूरा करने के लिए संवैधानिक परिवर्तन किये थे। उन्होंने कहा कि ‘‘हमारी संसद और लोगों’’ को मनाने के लिए और भी प्रयास किये जाने की जरूरत है।

तुर्किये के मंत्री ने इस बात को खारिज कर दिया कि एफ-16 सौदे का संबंध स्वीडन और फिनलैंड की नाटो की सदस्यता का अनुमोदन करने से संबद्ध है, जिसके लिए गठबंधन के सभी 30 सदस्यों का सहमत होना जरूरी है। केवल तुर्किये और हंगरी की संसद से इसका अनुमोदन होना बाकी रह गया है।

कावुसोग्लु ने कहा, ‘‘दो अलग मुद्दों--नाटो की सदस्यता और एफ-16 की खरीद--को एक दूसरे से जोड़ना सही नहीं होगा।’’

उल्लेखनीय है कि अंकारा अपने एफ-16 विमानों के बेड़े को अद्यतन करना चाहता है।

ब्लिंकन ने यूक्रेन युद्ध में रूस के लिए सैन्य सहायता पर चीन के विचार करने की खबरों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘हमें इस बात की चिंता है कि चीन घातक सहायता के साथ यूक्रेन में रूसी आक्रमण में मदद करना चाहता है, इस पर हम बहुत करीबी नजर रखे हुए हैं।’’

ब्लिंकन ने तुर्किये और सीरिया में गत छह फरवरी को आए विनाशकारी भूकंप के बाद अमेरिकियों द्वारा प्रदान की गई सहायता की प्रशंसा की।

ब्लिंकन ने कहा, ‘‘अमेरिका में निजी क्षेत्र की ओर से लगभग आठ करोड़ अमेरिकी डॉलर का दान किया गया है। जब मैंने वाशिंगटन में तुर्किये दूतावास का दौरा किया, तो मैं सामने के द्वार तक नहीं जा सका क्योंकि दूतावास का पूरा रास्ता बक्सों से भरा हुआ था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेघर हुए लोगों की मदद करने और पुनर्निर्माण के लिए तुर्किये को एक लंबा सफर तय करना... और हम सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

ब्लिंकन ने सोमवार को कहा, ‘‘इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। अनगिनत इमारतें, समुदाय, सड़कें, क्षतिग्रस्त या पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं।’’

ब्लिंकन ने सोमवार को बाद में राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन से भी मुलाकात की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)