मुंबई/पालघर, 29 दिसंबर अभिनेत्री तुनिषा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी शीज़ान खान से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में टीवी धारावाहिक के सेट पर वास्तव में क्या हुआ था, जहां अभिनेत्री ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। वहीं, तुनिषा के रिश्तेदारों ने मौत की जांच ‘हत्या के कोण’ से करने की मांग की है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान (27) ने तुनिषा के आत्महत्या करने के बाद अज्ञात महिला के साथ व्हाट्सऐप पर की गई चैट को मिटा दिया है और वह अब उसे प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि शर्मा (21) द्वारा कथित तौर पर लिखा नोट टेलीविजन सेट से बरामद हुआ है, जिसमें लिखा गया है कि ‘‘ वह साथी कलाकार के तौर पर मुझे पाकर प्रफुल्लित था।’’
तुनिषा शर्मा ने गत शनिवार को पालघर के वसई स्थित टीवी धारावाहिक ‘अली बाबा दास्तान-ए-काबुल’ के सेट पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
वालिव पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘ खान ने चूंकि शर्मा के साथ रिश्ते खत्म कर लिए थे, लेकिन दोनों के अच्छे संबंध थे और वे नियमित तौर पर बातचीत करते थे।’’ मामले में तुनिषा के सह कलाकार शीज़ान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और वह अभी पुलिस हिरासत में हैं।
तुनिषा की मां ने सोमवार को आरोप लगाया था कि शीज़ान खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और तीन से चार महीने तक उसका ‘‘इस्तेमाल’’ किया।
अधिकारी ने बताया कि घटना वाले दिन खान और तुनिषा ने शूटिंग के दिन भोजन अवकाश में बात की थी। तुनिषा से बात करने के 15 मिनट बाद खान अपनी शूटिंग करने चले गए थे। इसके कुछ देर बाद तुनिषा शौचालय में मृत मिली थीं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ खान से पूछा जा रहा है कि तुनिषा के साथ बातचीत के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।’’
उन्होंने बताया कि खान ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उनके बीच क्या बात हुई।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने अभी तक तुनिषा की मां, रिश्तेदारों, सेट पर काम करने वाले लोगों और सह-कलाकारों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस ने खान की बहन को भी बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए बुलाया है, लेकिन वह अभी तक जांच अधिकारी के समक्ष पेश नहीं हुई हैं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस एक अन्य महिला से भी पूछताछ कर रही है, जो खान के संपर्क में थी।
उन्होंने बताया कि खान और तुनिषा की व्हाट्सऐप चैट को भी खंगाला जा रहा है।
तुनिषा ने टीवी धारावाहिक 'भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप', 'फितूर' और 'बार बार देखो' जैसी फिल्म में काम किया है। अपनी मृत्यु के समय तुनिषा धारावाहिक 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' की शूटिंग कर रही थीं।
इस बीच, एक समाचार चैनल से बातचीत करते हुए तुनिषा के रिश्तेदार पवन शर्मा ने कहा, ‘‘ मैं चाहता हूं कि सरकार और पुलिस हमारा समर्थन करे और उन्हें मामले की जांच हत्या के कोण से भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मौत से कुछ दिन पहले तुनिषा के व्यवहार में बदलाव आया था और मैं चाहता हूं कि पुलिस इसकी जांच करे।’’
पवन शर्मा ने सवाल किया कि अगर तुनिषा ने आत्महत्या की है, तो घटना स्थल की तस्वीर या वीडियो क्यों नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘परिवार यह भी जानना चाहता है कि तुनिषा की मौत की जानकारी देर से क्यों दी गई।’’
दिन में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने तुनिषा के परिवार से ठाणे जिले के भायंदर स्थित आवास पर जाकर मुलाकात की थी और दोषी को सख्त सजा देने के साथ तुनिषा की मां को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की।
तुनिषा की मां वनिता से मिलने के बाद संवाददताओं से बातचीत में केंद्रीय सामाजिक एवं अधिकारिता राज्यमंत्री आठवले ने कहा, ‘‘तुनिषा ने आत्महत्या की क्योंकि शीजान ने उन्हें धोखा दिया। उसे सख्त सजा दी जानी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी मां इस घटना से पूरी तरह से टूट गई हैं। राज्य सरकार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देना चाहिए। मेरी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) उन्हें तीन लाख रुपये देगी। हम चाहते हैं कि सरकार, उज्ज्वल निकम को विशेष अभियोजक के तौर पर नियुक्त करे ताकि तुनिषा के लिए न्याय सुनिश्चित किया जा सके।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY