देश की खबरें | त्रिपुरा : टिपरा मोथा न उपचुनाव लड़ेगी और न ही किसी दूसरी पार्टी को समर्थन देगी

अगरतला, एक सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित त्रिपुरा में मुख्य विपक्षी दल टिपरा मोथा ने शुक्रवार को कहा कि वह दो विधानसभा सीटों के लिए पांच सितंबर को होने वाले उपचुनाव में किसी पार्टी का समर्थन नहीं करेगी।

पार्टी ने पूर्व में कहा था कि वह सिपाहीजाला जिले की धनपुर और बोक्सानगर सीटों पर होने वाले उपचुनाव में नहीं उतरेगी।

टिपरा मोथा ने उपचुनाव में अपने किसी उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है।

पार्टी अध्यक्ष बी.के. हरंगखवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘... हम पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से उपचुनाव में किसी विशिष्ट उम्मीदवार को मत देने के लिए नहीं कहेंगे।’’

टिपरा मोथा के संस्थापक प्रद्योत देबबर्मा ने उपचुनावों से पहले 26 अगस्त को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और मूल लोगों के अधिकारों एवं कल्याण को लेकर चर्चा की थी। उपचुनाव में मुख्य दावेदार भाजपा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) हैं।

वाम दल ने हाल ही में टिपरा मोथा से चर्चा की थी और उपचुनावों के लिए समर्थन देने की मांग की थी। कांग्रेस उपचुनाव नहीं लड़ रही है।

बोक्सानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव माकपा विधायक समसुल हक के निधन के बाद जरूरी हो गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव होना है।

माकपा नीत वाम मोर्चे ने धनपुर से कौशिक चंदा और बोक्सानगर विधानसभा क्षेत्र से मिजान हुसैन को अपना उम्मीदवार बनाया है।

वहीं भाजपा ने बोक्सानगर से तफ्फजल हुसैन और धनपुर सीट से बिंदु देबनाथ को मैदान में उतारा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)