नयी दिल्ली, आठ सितंबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बक्सनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली होने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को दोनों सीट पर भाजपा की जीत पर सवाल खड़े किए।
माकपा पोलित ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि हम वाम मोर्चे द्वारा उठाई गई आशंकाओं का समर्थन करते हैं और उपचुनाव के परिणामों को रद्द करने तथा कड़ी निगरानी में नए सिरे से चुनाव कराने की मांग को दोहराते हैं।
माकपा ने कहा, ‘‘ बक्सनगर निर्वाचन क्षेत्र में, भाजपा ने मतदान में 89 प्रतिशत जबकि धनपुर निर्वाचन क्षेत्र में 71 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत हासिल की। यह राज्य के चुनाव इतिहास में अभूतपूर्व है। फरवरी के चुनावों में बक्सनगर सीट माकपा से हारने के बाद, बड़े पैमाने पर धांधली के बिना भाजपा के लिए 89 प्रतिशत वोट हासिल करना असंभव है।’’
निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बक्सनगर सीट पर 30,237 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर करीब 66 फीसदी मतदाता अल्पसंख्यक हैं। हुसैन को 34,146 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मिजान हुसैन को 3,909 वोट मिले।
भाजपा प्रत्याशी बिंदू देबनाथ ने धनपुर सीट पर 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। देबनाथ को 30,017 वोट मिले तथा माकपा के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।
राज्य के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में त्रिपुरा को और समृद्ध राज्य में बदलने के संकल्प को मजबूत करेगी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘मैं बक्सनगर और धनपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को विजयी बनाने के लिए त्रिपुरा के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में त्रिपुरा को एक समृद्ध राज्य में बदलने के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा। इस शानदार जीत के लिए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा जी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य के साथ ही कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।’’
जीत के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा कि दशकों तक राज्य पर शासन करने वाली माकपा निकट भविष्य में विलुप्त हो जाएगी।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें डबल-इंजन की सरकार के विकास कार्यों के कारण उपचुनाव जीतने का विश्वास था। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री माणिक साहा पर फिर विश्वास जताने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। वर्षों तक राज्य पर शासन करने वाली माकपा निकट भविष्य में विलुप्त हो जाएगी।’’
उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों सीटों पर औसतन 86.50 फीसदी मतदान हुआ था। मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गर्ल्स स्कूल में हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY