देश की खबरें | त्रिपुरा के विधानसभा अध्यक्ष ने तृणमूल में शामिल हुए भाजपा विधायक को अयोग्य ठहराया

अगरतला, पांच जनवरी त्रिपुरा के विधानसभा अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती ने सत्तारूढ़ भाजपा विधायक आशीष दास को बुधवार को औपचारिक रूप से अयोग्य घोषित कर दिया। दास तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

चक्रवर्ती ने कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुख्य सचेतक कल्याणी रॉय से दास के खिलाफ शिकायत मिली जिसमें उनके पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाया गया था। विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि सभी कानूनी पहलुओं पर गौर करने के बाद उन्होंने बुधवार को विधायक को अयोग्य घोषित कर दिया।

दास उन सात विधायकों में से शामिल थे जिन्होंने मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को हटाने की मांग करते हए भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा से मुलाकात की थी। विधायकों ने कथित तौर पर देब को 'तानाशाह और अलोकप्रिय' बताया था।

चक्रवर्ती ने कहा कि दास विधायक के वेतन और भत्तों सहित सभी सुविधाओं से वंचित रहेंगे।

दास ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि विधानसभाध्यक्ष का फैसला अनुचित है। उन्होंने कहा, “विधानसभाध्यक्ष मुझे अयोग्य घोषित नहीं कर सकते। मैं कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लूंगा और कानूनी समाधान की तलाश करूंगा।’’

अनुसूचित जाति के नेता दास (43) पिछले साल 31 अक्टूबर को यहां तृणमूल में शामिल हो गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)