देश की खबरें | तृणमूल ने महुआ मोइत्रा को दी संगठन की जिम्मेदारी

कोलकाता, 13 नवंबर तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को 2024 के आम चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विवादों में घिरीं मोइत्रा को यह जिम्मेदारी देकर तृणमूल ने उन्हें समर्थन देने का स्पष्ट संदेश दिया है। लोकसभा की आचार समिति ने ‘‘पैसे के बदले प्रश्न पूछने’’ से जुड़े मामले में उन्हें निष्कासित करने की सिफारिश की है।

तृणमूल ने सोमवार को राज्य के 35 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला अध्यक्षों की संशोधित सूची जारी की।

मोइत्रा कुछ साल पहले तक कृष्णानगर की जिला अध्यक्ष थीं। कुछ वर्ष पहले संगठन में किये गए फेरबदल में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था। अब उन्हें कृष्णानगर (नदिया उत्तर) संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मोइत्रा ने इस नियुक्ति के लिए सोशल मीडिया के जरिए पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के प्रति अपना आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह कृष्णानगर के लोगों के लिए पार्टी के साथ हमेशा काम करेंगी।

तृणमूल कांग्रेस ने बीरभूम सहित अन्य जिलों के नेतृत्व में भी बदलाव किया है। बीरभूम जिले के अध्यक्ष अणुब्रत मंडल अभी कथित पशु तस्करी घोटाले के सिलसिले में सीबीआई की हिरासत में हैं। इस नयी सूची में उन्हें स्थान नहीं मिला है।

जिले का प्रभार एक कोर कमेटी को सौंपा गया है।

मुर्शिदाबाद-बहरामपुर संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष अबू ताहिर खान के स्थान पर विधायक अपूर्ब सरकार को नियुक्त किया गया है, वहीं मुर्शिदाबाद-जंगीपुर में पूर्व राज्य मंत्री जाकिर हुसैन को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिला पारंपरिक रूप से कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में ममता बनर्जी नीत तृणमूल ने वहां अपनी पकड़ मजबूत की है।

बांकुड़ा जिले में पूर्व विधायक अरूप चक्रवर्ती को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)