नयी दिल्ली, 18 फरवरी ज्ञानेश कुमार को नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के रूप में नियुक्त करने को लेकर केंद्र की आलोचना करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद साकेत गोखले ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को "भारत का नया सीईसी" बताया और कहा कि "भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को भाजपा की एक शाखा में बदलने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जाएगा"।
केंद्र सरकार ने सोमवार देर रात कुमार को नया मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया। यह नियुक्ति प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति की बैठक के कुछ ही घंटों बाद की गई।
इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार से बैठक स्थगित करने को कहा, क्योंकि मामला उच्चतम न्यायालय में लंबित है।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब उच्चतम न्यायालय 19 फरवरी को 2023 के कानून के तहत सीईसी और निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) की नियुक्तियों के खिलाफ याचिकाओं पर "प्राथमिकता के आधार" पर सुनवाई करने वाला है।
विपक्षी दलों द्वारा 2023 के कानून का विरोध किया जा रहा है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में गोखले ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, "भारत के नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने पर श्री अमित शाह को बधाई। राष्ट्र को विश्वास है कि आपके सक्षम नेतृत्व में ईसीआई को भाजपा की एक शाखा में बदलने का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जाएगा।"
हालांकि, उन्होंने कहा कि नियुक्ति के बावजूद भाजपा पश्चिम बंगाल में सफल नहीं होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY