देश की खबरें | गोपीनाथ मुंडे को उनकी आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई

नयी दिल्ली, तीन जून पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की आठवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी तथा भाजपा नेताओं ने मुंबई में अंडरवर्ल्ड शासन को खत्म करने तथा नर्मदा पर सरदार सरोवर परियोजना का मार्ग प्रशस्त करने में उनके योगदान को याद किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता तथा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री को मुंबई में अंडरवर्ल्ड का दबदबा समाप्त करने में उनकी भूमिका याद की, उन दिनों यह महानगर गैंगवार के लिए जाना जाता था।

मुंडे 1995-99 के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे और उनके पास गृहविभाग का प्रभार था।

केंद्रीय मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला ने नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर परियोजना का मार्ग प्रशस्त करने में मुंडे की भूमिका की स्मरण की, इस परियोजना से चार राज्यों--महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान प्रभावित हुए ।

केंद्रीय मंत्री भावगत कराड ने मुंडे को एक ऐसे नेता के रूप में याद किया जिन्होंने देशभर के अन्य पिछड़ा वर्ग को आवाज दी तथा जो महाराष्ट्र में भाजपा की बुनियाद डालने वाले एक संगठनकर्ता थे।

पूर्व सासंद हरिभाउ राठौड़ और अमर सांबले तथा मुंडे के कई प्रशंसकों ने यहां महाराष्ट्र सदन में एक कार्यक्रम में दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किये।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और औरंगाबाद के बाल चिकित्सक कराड ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था । कराड मुंडे के कहने पर ही 1997 में राजनीति में आये थे।

लोकसभा में भाजपा के पूर्व उपनेता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद ग्रामीण विकास मंत्री बनाया था। वह तीन जून 2014 को एक सड़क हादसे में चल बसे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)