देश की खबरें | पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस के पहले चरण का ‘ट्रायल रन’ पूरा

रांची/पटना, 12 जून पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ने सोमवार को अपने ‘ट्रायल रन’ का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।

रांची रेल मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि पटना से अपराह्न करीब 12 बजकर 40 मिनट पर यहां पहुंची सेमी हाई स्पीड ट्रेन वापसी में अपराह्न दो बजकर 20 मिनट पर बिहार की राजधानी के लिए रवाना हुई।

आठ डिब्बों वाली यह ट्रेन रात 8.25 बजे पटना पहुंचेगी।

ट्रेन के एक लोको-पायलट ने संवाददाताओं को बताया कि पटना से झारखंड की राजधानी तक की यात्रा परेशानी मुक्त रही।

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अगर सबकुछ सुचारू रूप से चलता है, तो इस महीने के अंत में ट्रेन का ‘फाइनल रन’ किया जाएगा।

रांची स्टेशन पर सेल्फी लेने वालों का जमावड़ा लग गया। इसी तरह कोडरमा, हजारीबाग और बरकाकाना स्टेशन पर भी भीड़ देखी गई।

झारखंड में कोडरमा स्टेशन पर ट्रेन का हजारीबाग के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता जयंत सिन्हा ने स्वागत किया, जिन्होंने कोडरमा से बरकाकाना तक की यात्रा भी की।

सिन्हा ने कहा, ‘‘यह कोडरमा और बरकाकाना के बीच एक अनूठा अनुभव रहा। रास्ते की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली आपको एक अलग ही अनुभव देगी। मैं सभी से अनुरोध करूंगा कि जब ट्रेन आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाए, तो उसमें यात्रा करें।’’

ट्रेन सुबह छह बजकर 55 मिनट पर पटना से रवाना हुई और सिधवार (रामगढ़) और सांकी (रांची) के बीच सुरंगों तथा ऊंचे रेल पुलों से होकर गुजरी। यह गया, कोडरमा, हजारीबाग और बरकाकाना स्टेशन पर रुकी। सिधवार और सांकी के बीच 27 किलोमीटर के खंड में चार सुरंग हैं, जिनमें से सबसे लंबी 1.7 किलोमीटर लंबी है, जबकि तीन अन्य लगभग 600 मीटर लंबी हैं।

इससे पहले, ट्रायल रन 11 जून के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन झारखंड में एक छात्र समूह द्वारा बुलाए गए दो दिवसीय राज्यव्यापी बंद के कारण इसे सोमवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। बरकाकाना तथा रांची के बीच और ‘ट्रायल रन’ किए जाएंगे।

रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने सिधवार और सांकी के बीच 27 किलोमीटर के खंड पर सुरक्षा निरीक्षण एवं गति परीक्षण किया था तथा गत दिसंबर में बरकाकाना के माध्यम से कोडरमा और रांची के बीच नए मार्ग को चालू करने के लिए अपनी मंजूरी दे दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)