देश की खबरें | गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास के लिए पाबंदी के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित

नयी दिल्ली, 23 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास से पहले लगाए गए प्रतिबंधों के कारण सोमवार को यात्रियों को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर लंबे जाम में फंसना पड़ा।

डीएनडी फ्लाईओवर और गाजीपुर सीमा सहित दिल्ली और उसके आसपास की प्रमुख सड़कें सुबह से लेकर दोपहर करीब दो बजे तक प्रभावित रहीं। आईटीओ, सरदार पटेल मार्ग, कश्मीरी गेट और चाणक्यपुरी समेत व्यस्त मार्गों पर भी भारी जाम रहा।

दिल्ली यातायात पुलिस ने गणतंत्र दिवस परेड के लिए सोमवार को पूर्ण पूर्वाभ्यास के वास्ते व्यवस्थाओं और प्रतिबंधों पर एक परामर्श जारी किया था। ऑफिस जाने वाले कई लोग ट्रैफिक डायवर्जन के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों से निकले लेकिन वहां भी यातायात प्रभावित था।

अनन्या बसु (35) ने कहा, ‘‘श्री अरबिंदो मार्ग यातायात के कारण पूरी तरह से अवरुद्ध था। जब मैं मालवीय नगर से दूसरे मार्ग से आगे बढ़ी, तो हौज खास में यातायात अवरूद्ध था। चाणक्यपुरी से संसद मार्ग की ओर जाने वाली सड़क भारी यातायात के कारण पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई थी। कम से कम एक घंटा की देरी हुई।’’

जाम के कारण कई लोगों ने दिल्ली मेट्रो का विकल्प चुना। कृष्ण पाल ने कहा, ‘‘मैं आमतौर पर कार से यात्रा करता हूं, लेकिन आज मुझे पता था कि सड़कें जाम होंगी, इसलिए मैंने मेट्रो ली।’’

पुलिस ने कहा कि उन्हें कई यात्रियों के फोन आए और उन्होंने यातायात की समस्या के बारे में बताया। विकास मार्ग (लक्ष्मी नगर से आईटीओ तक), प्रगति मैदान, और अक्षरधाम में यातायात की रफ्तार बिल्कुल थम सी गई थी।

एक यात्री अंकिता सिंह ने कहा, ‘‘नोएडा से अक्षरधाम तक भारी यातायात था। आईटीओ की ओर जाने वाले मार्ग में भी जाम था और जीपीएस ने लगभग छह किलोमीटर की दूरी तय करने में 40 मिनट का समय दिखाया।’’

कई यात्रियों ने शहर में यातायात की स्थिति के बारे में ट्वीट कर दूसरों को अवगत कराया। कुछ लोगों ने आईटीओ, प्रगति मैदान और गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर भारी जाम की सूचना दी।

एक व्यक्ति ने कहा कि आईटीओ पर एक घंटे से अधिक समय तक यातायात थम गया, वहीं एक अन्य यात्री ने कहा कि वह दो घंटे तक जाम में फंसा रहा। कई लोगों ने इन मार्गों पर न निकलने की सलाह दी।

मध्य दिल्ली में काम करने वालीं प्रेरणा सिंह ने कहा, ‘‘मैं शहर के दक्षिणी हिस्से में रहती हूं और डेढ़ घंटे में अपने ऑफिस पहुंच जाती हूं। कैब ने मुझे मेरे गंतव्य तक पहुंचाने में अतिरिक्त 30 मिनट का समय लिया।"

परामर्श के मुताबिक, रविवार शाम छह बजे से सोमवार को परेड खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर किसी भी तरह के यातायात की इजाजत नहीं थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)