नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर धनतेरस के अवसर पर खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ने के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में यातायात बाधित हो गया, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
लोगों ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि बदरपुर फ्लाईओवर, सी.वी. रमन मार्ग, पंजाबी बाग, बदरपुर महरौली रोड, तैमूर नगर-महारानी बाग रोड, आश्रम और यमुना विहार सहित कई स्थानों पर सड़कें वाहनों से पटी पड़ी थी।
एक निजी फर्म में कानूनी सलाहकार सुनील यादव ने कहा, "बारापुला फ्लाईओवर से सराय काले खां की ओर यातायात बहुत धीमा ज़्यादा था।’’
एक अन्य यात्री विवेक सिंह ने कहा कि मधुबन चौक से रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के बीच यातायात प्रभावित था।
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि उसने सुचारू यातायात के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने सड़कों पर जांच बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा, "हमने व्यस्त सड़कों पर खड़े वाहनों की जांच के लिए मोटरसाइकिल पर कर्मियों को तैनात किया है। बाजारों में आने वाले लोगों को भी सूचित किया गया है कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें।"
अधिकारी ने बताया, "सुचारू यातायात के लिए पुलिसकर्मियों ने अपनी मोटर साइकिल पर लाउडस्पीकर लगा रखे हैं...।’’
बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़े।
सदर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष राकेश यादव ने बताया, "सदर बाजार में हर गेट पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे भीड़ कम हुई है।’’
इसी तरह, सरोजिनी नगर और खान मार्केट में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY