देश की खबरें | नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में दुकानें सील करने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने दिया धरना

नोएडा (उप्र), 29 अप्रैल नोएडा के सेक्टर नौ स्थित औद्योगिक क्षेत्र में दुकानें सील करने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने धरना दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

व्यापारियों का कहना है कि वे नोएडा प्राधिकरण से सेक्टर नौ को वाणिज्यिक क्षेत्र घोषित करने की पिछले 25 वर्ष से मांग कर रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण व्यापारियों की यह मांग मान नहीं रहा।

उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि सेक्टर नौ में हजारों लोग 25 वर्ष से ज्यादा समय से अपनी दुकानें चला रहे हैं, लेकिन इसे औद्योगिक क्षेत्र बताकर नोएडा प्राधिकरण का एक दल इन दुकानों को सील करने के लिए पहुंचा, जिसका व्यापारियों ने विरोध किया।

उन्होंने कहा कि व्यापारी सेक्टर नौ को वाणिज्यिक क्षेत्र घोषित करने की मांग पिछले 25 वर्ष से कर रहे हैं, लेकिन उनकी यह मांग अभी तक अनसुनी है।

उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के महासचिव सतनारायण गोयल ने कहा कि व्यापारी किसी भी सूरत में दुकानें सील नहीं होने देंगे और एकजुट होकर इसका विरोध करेंगे।

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी सोमवार शाम को बाला जी सेनेटरी का परिसर सील करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन 500 से अधिक व्यापारियों ने इसके विरोध में नारेबाजी की और धरना दिया, जिसके बाद प्राधिकरण का दल बिना कोई कार्रवाई किए लौट गया।

उल्लेखनीय है कि नोएडा प्राधिकरण के अनुसार सेक्टर नौ औद्योगिक क्षेत्र है और नियमानुसार औद्योगिक क्षेत्र में वाणिज्यिक गतिविधि नहीं हो सकती।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)