नयी दिल्ली, दो फरवरी कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों की वजह से 2020 में तीस लाख से भी कम विदेशी पर्यटक भारत आए और यह संख्या 2019 की तुलना में 75 प्रतिशत कम है।
पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने मंगलवार को राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2019 में भारत आए विदेशी सैलानियों की संख्या 1.093 करोड़ और 2018 में 1.056 करोड़ थी।
पटेल ने बताया कि 2017 में भारत आए विदेशी पर्यटकों की संख्या एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गई थी। तब 1.04 करोड़ विदेशी पर्यटक भारत आए थे।
उन्होंने बताया कि पिछले साल 26.8 लाख विदेशी पर्यटक ही भारत आए। उन्होंने बताया कि 2020 में पर्यटन क्षेत्र में राजस्व को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अभी कोई अध्ययन नहीं किया गया है।
पटेल ने कहा ‘‘बहरहाल, पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के साथ कई दौर की बातचीत और विचार-विमर्श के बाद राजस्व, विदेशी मुद्रा विनिमय और रोजगार को गहरे नुकसान का संकेत मिला है। यह क्षेत्र असंगठित प्रकृति का है इसलिए आर्थिक क्षति के प्रभाव का पता समय के साथ ही चल पाएगा।’’
उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटन के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की पहल की जा रही हैं।
मनीषा अविनाश माधव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY