देश की खबरें | पर्यटन विभाग ने अमरनाथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष ‘जम्मू दर्शन’ सेवा शुरू की

जम्मू, आठ जुलाई पर्यटन विभाग ने शनिवार को यात्री निवास में रहने वाले अमरनाथ यात्रियों के लिए ‘जम्मू दर्शन’ से एक विशेष बस सेवा की शुरुआत की। आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि आने वाले तीर्थयात्रियों और अन्य पर्यटकों के बीच जम्मू के पर्यटन स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने के लिए यह विशेष प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम की चार बसों से श्रद्धालुओं को भगवती नगर स्थित यात्री निवास से जम्मू शहर के पर्यटक स्थलों तक ले जाया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं ने दिन भर की यात्रा का आनंद लिया। जम्मू के संभावित पर्यटन स्थलों को लोकप्रिय बनाने के लिए इन श्रद्धालुओं को यात्रा कराई गई और इन श्रद्धालुओं ने पर्यटन विभाग के इस कदम की सराहना की।

जम्मू के पर्यटन निदेशक विवेकानंद राय ने इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि यह तीर्थयात्रियों के लाभ के लिए एक नियमित सुविधा होगी, खासकर यात्रा के निलंबन के दौरान, ताकि वे दिन के दौरान जम्मू शहर और इसके आसपास के स्थानों का आनंद ले सकें।

जम्मू पर्यटन की संयुक्त निदेशक सुनैना शर्मा मेहता ने कहा कि बस सेवा अखनूर, झिरी, सुचेतगढ़, पुरमंडल, मानसर और सुरिंसर जैसे स्थानीय स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘बस सेवा पूरी यात्रा अवधि के लिए एक नियमित सुविधा होगी और यह जेकेआरटीसी और जिला प्रशासन जम्मू के साथ मिलकर पर्यटन निदेशालय, जम्मू का एक संयुक्त प्रयास है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)