Tokyo Olympic Games 2020: उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे 15 देशों के नेता
कोविड महामारी से प्रभावित तोक्यो ओलंपिक खेलों के शुक्रवार को होने वाले उद्घाटन समारोह के दौरान लगभग 15 देशों के नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है. जापान में आ रही खबरों के अनुसार समारोह के दौरान निजी तौर पर स्टेडियम में मौजूद रहने वाले लोगों की संख्या 1000 के आसपास हो सकती है.
तोक्यो, 21 जुलाई : कोविड महामारी से प्रभावित तोक्यो ओलंपिक खेलों के शुक्रवार को होने वाले उद्घाटन समारोह के दौरान लगभग 15 देशों के नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है. जापान में आ रही खबरों के अनुसार समारोह के दौरान निजी तौर पर स्टेडियम में मौजूद रहने वाले लोगों की संख्या 1000 के आसपास हो सकती है. जापान सरकार के मुख्य कैबिनेट सचिव कात्सुनोबु केटो के हवाले से ‘क्योडो’ समाचार एजेंसी ने कहा कि कोविड-19 महामारी से संक्रमण के जोखिम को नियंत्रित करने के आयोजकों के प्रयास के तहत राष्ट्रीय स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के दौरान लोगों की मौजूदगी को सीमित करने का फैसला किया गया है.
केटो ने कहा कि लगभग 70 कैबिनेट स्तर के अधिकारियों के भी जापान आने की संभावना है. उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह के दौरान कितने अति विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे इस पर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मेक्रों, मंगोलिया के प्रधानमंत्री लुवसानामसराई ओयुन एर्डेन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन के अलावा कुछ और वैश्विक नेता उद्घाटन समारोह में मौजूदगी का वादा कर चुके हैं. यह भी पढ़ें : Bird Flu: कोरोना संकट के बीच बर्ड फ्लू का खतरा, दिल्ली में 12 वर्षीय लड़के की मौत- आप भी रहें सावधान
जापान में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण हालांकि कई नेताओं को खेलों के महाकुंभ के लिए अपनी यात्रा को रद्द करने पर बाध्य होना पड़ा. मुख्य कैबिनेट सचिव केटो ने कहा कि इन खेलों से प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा को वैश्विक नेताओं के साथ संबंध मजबूत करने का बहुमूल्य मौका मिलेगा. पिछले साल स्थगित किए गए तोक्यो खेलों का आयोजन आपातकाल की स्थिति के बीच किया जाएगा और इस दौरान दर्शकों को स्टेडियम में आने की इजाजत नहीं होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2021 11:59 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

