डेंगू को फैलने से रोकने के लिए अदालत ने एनआरडीएमसी और दिल्ली सरकार से जवाब तलब किया

दिल्ली उच्च न्यायालय ने डेंगू को फैलने से रोकने के लिए दायर याचिका पर मंगलवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम को नोटिस जारी किया. याचिका में अदालत से अनुरोध किया गया है कि स्थानीय इलाके में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए नियमित रूप से धुआं छोड़ने, मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए जांच दल बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने जैसे उपाय करने के निर्देश प्राधिकारियों को दिये जाएं.

मच्छर (Photo Credits: Pixabay)

नयी दिल्ली, 9 नवंबर : दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court) ने डेंगू को फैलने से रोकने के लिए दायर याचिका पर मंगलवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम को नोटिस जारी किया. याचिका में अदालत से अनुरोध किया गया है कि स्थानीय इलाके में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए नियमित रूप से धुआं छोड़ने, मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए जांच दल बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने जैसे उपाय करने के निर्देश प्राधिकारियों को दिये जाएं. न्यायमूर्ति रेखा पल्ली की एकल पीठ ने डेंगू से पीड़ित माडल टाउन निवासी अनन्य कुमार की याचिका पर यह नोटिस जारी किया. अदालत ने अधिकारियों को इस मामले में एक सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. इस याचिका पर अब 18 नवंबर को आगे सुनवाई होगी.

याचिका में कहा गया है कि उक्त क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप है और अधिकारियों की लापरवाही के कारण हर दिन कई मामले सामने आ रहे हैं तथा अस्पताल के बिस्तर जल्दी भर रहे हैं. कुमार ने याचिका के माध्यम से अनुरोध किया है कि उसके आवास के आसपास के इलाके में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं तथा क्षेत्र में नियमित धुआं छोड़ा जाए, घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाए, इलाके में डेंगू के मच्छर पनपने से रोकने के वास्ते दल बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए जाएं. यह भी पढ़ें : Sooryavanshi Box Office Collection: अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी ने चार दिनों में की तगड़ी कमाई, 100 करोड़ से इतने कदम दूर

दिल्ली सरकार के अधिवक्ता अनुज अग्रवाल ने अदालत से कहा कि प्राधिकारी शहर में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं. वेक्टर जनित बीमारी के बारे में सोमवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार इस मौसम में छह नवंबर तक दिल्ली में नौ लोगों की मृत्यु हुई है और डेंगू के 2,708 मामले दर्ज किए गए हैं जो 2017 में इस अवधि की तुलना में ज्यादा हैं.

Share Now

\