TMC ने नवीन पटनायक से ओडिशा में बंगाल के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने ओडिशा के भद्रक जिले में पश्चिम बंगाल के लोगों को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से हस्तक्षेप का अनुरोध किया है.
भुवनेश्वर, 22 मार्च : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने ओडिशा के भद्रक जिले में पश्चिम बंगाल के लोगों को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से हस्तक्षेप का अनुरोध किया है. राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के नेता डेरेक ने पटनायक को लिखे एक पत्र में कहा कि पीड़ित बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री पटनायक से ‘‘मामले का संज्ञान लेने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाया जाए.’’ टीएमसी नेता ने उल्लेख किया कि बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के करीब सौ लोग ओडिशा के भद्रक में रहते हैं और जीवन-यापन करते हैं.
उन्होंने पत्र में कहा कि हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेताओं द्वारा उन लोगों पर हमला किया गया और भागने के लिए मजबूर किया गया. पत्र में कहा गया, ‘‘भारत की नागरिकता साबित करने के लिए दस्तावेज दिखाने से इनकार करने पर उन लोगों को बल्ले से पीटा गया.’’
पत्र में कहा गया है कि इस घटना से कुछ दिन पहले, इन लोगों की अवैध रूप से वीडियोग्राफी की गई थी और उन्हें ‘‘बांग्लादेशी मुखबिर’’ करार देते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था. टीएमसी नेता ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोग एक-दूसरे के प्रति घनिष्ठ संबंध रखते हैं. पत्र में कहा गया, ‘‘व्यक्तिगत स्तर पर जैसा कि आप जानते हैं, मेरे परिवार और मैंने हमेशा ओडिशा के साथ एक मधुर रिश्ता साझा किया है.’’ यह भी पढ़ें : DMK ने ‘इंडिया’ गठबंधन के खिलाफ मोदी की टिप्पणी को लेकर निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की
डेरेक ने पत्र में कहा कि भारत का संविधान शांति से जीने और कमाने के अधिकार की गारंटी देता है, चाहे कोई भी कहीं का हो. पत्र में कहा, ‘‘मुर्शिदाबाद के लोगों पर हमला हमारे देश के लोकाचार पर धब्बा नहीं बनना चाहिए.’’ इस बीच, भद्रक पुलिस ने कहा कि मुर्शिदाबाद के विक्रेताओं पर हमले के संबंध में भाजपा के स्थानीय नेता सयान परिदा को गिरफ्तार किया गया है. भद्रक के पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटापल्ली ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस को सख्त कदम उठाने के लिए कहा है. इन गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 22, 2024 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

