Bhubaneswar Supermarket Fire: भुवनेश्वर के धौली लिंगीपुर के सुपरमार्केट में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने कई लोगों को सुरक्षित बचाया; VIDEO
भुवनेश्वर के धौली लिंगीपुर में एक बहुमंजिला सुपरमार्केट में सोमवार रात भीषण आग लग गई. दमकल की 8 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और ऊपरी मंजिल पर फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
Bhubaneswar Supermarket Fire: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के धौली लिंगीपुर इलाके में सोमवार रात एक बहुमंजिला सुपरमार्केट में भीषण आग लग गई. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है. दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण इमारत की ऊपरी मंजिल पर फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.
तीसरी मंजिल से शुरू हुई आग
अधिकारियों के अनुसार, आग सोमवार रात करीब 10:00 बजे इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी. सुपरमार्केट में रखे प्लास्टिक के सामान, घरेलू सामान और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के कारण लपटें तेजी से फैल गईं. देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और आग की चपेट में आ गई. यह भी पढ़े: West Bengal Fire Video: हल्दिया के सुपरमार्केट इलाके में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक, वीडियो में देखें भयावह दृश्य
सुपरमार्केट में लगी भीषण आग
#WATCH | Odisha | Fire breaks out at a supermarket near Dhauli Lingipur in Bhubaneswar. Operations are underway to douse the fire. pic.twitter.com/8Kmwekq0Ka
— ANI (@ANI) February 24, 2026
6 घंटे चला राहत और बचाव कार्य
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग की ऊंचाई और तीव्रता को देखते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का उपयोग किया गया. अग्निशमन कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर ऊपरी मंजिल पर फंसे लोगों को रेस्क्यू किया. आग बुझाने का अभियान करीब छह घंटे से अधिक समय तक जारी रहा.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
दमकल विभाग के अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकती है. हालांकि, अभी विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस और प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इमारत में सुरक्षा मानकों और फायर एग्जिट के नियमों का सही तरीके से पालन किया गया था.
नुकसान का आकलन जारी
इस अग्निकांड में सुपरमार्केट का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया है. वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है और 'कूलिंग प्रोसेस' पूरा कर लिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और जांच दल मलबे का मुआयना कर आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 24, 2026 09:49 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

