देश की खबरें | बीकानेर में तीन विचाराधीन कैदियों ने जेलर पर हमला किया, तीनों के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर, एक मई बीकानेर केंद्रीय जेल में तीन विचाराधीन कैदियों ने जेलर पर हमला कर दिया । तीनों कैदियों के खिलाफ बीछवाल थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार की रात जेल परिसर में उस समय घटी जब जेलर सूर्यनारायण सोनी गश्त पर थे। तभी जेल अस्पताल से लौटते समय तीन कैदी मोहम्मद समीर, अफरीद खान और सालेह मोहम्मद ने जेलर को धक्का दिया और जमीन पर गिराने के बाद उनकी पिटाई की।

बीछवाल थानाधिकारी नरेश कुमार निर्वाण ने बुधवार को बताया “यह घटना कल सेंट्रल जेल में हुई। जेल प्रशासन ने तीन विचाराधीन कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।”

जेलर पर हुए अचानक हमले के बाद आसपास काम कर रहे अन्य कैदी और जेल प्रहरी घटना स्थल पर पहुंचे और जेलर और कैदियों को अलग किया।

पुलिस ने बताया कि तीनों कैदी किसी बात को लेकर जेलर से नाराज थे और आरोपियों से पूछताछ के बाद वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)