देश की खबरें | गुवाहाटी में उल्फा (आई) के तीन उग्रवादी गिरफ्तार

गुवाहाटी, 19 दिसंबर असम के तीन प्रमुख शहरों में हाल ही में हुए विस्फोटों के सिलसिले में गुवाहाटी में एक घर से उल्फा (आई) के तीन संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात शहर के पांडु इलाके में एक घर पर छापा मारा और एक व्यक्ति को पकड़ा, जिसकी पहचान असीम अधिकारी के रूप में हुई। असीम प्रतिबंधित संगठन के लिए कथित तौर पर कैडरों की भर्ती में शामिल था।

असीम से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसी इलाके से दो अन्य लोगों को पकड़ा और उनके कब्जे से एक पिस्तौल और कुछ कारतूस जब्त किए।

गौरतलब है कि तिनसुकिया, शिवसागर और जोरहाट में सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास हाल ही में हुए विस्फोटों के बाद राज्य भर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (इंडीपेंडेंट) ने इन विस्फोटों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि यह विस्फोट राज्य के पुलिस महानिदेशक जी.पी. सिंह के 'अहंकार' के जवाब में किए गए थे।

उल्फा (आई) का कहना है कि पुलिस महानिदेशक 'संगठन की मांग को कानून एवं व्यवस्था की समस्या के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं न कि राजनीतिक मुद्दे के रूप में।'

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)