देश की खबरें | मणिपुर में तीन ट्रकों को आग लगायी गई

इम्फाल, 15 जुलाई हिंसा प्रभावित मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में तीन खाली ट्रकों में आग लगा दी गई। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सेकमाई पुलिस थानाक्षेत्र के अवांग सेकमाई में हुई। पुलिस ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर परिवहन करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रक खुले मैदान में खड़े थे, जहां उनमें आग लगा दी गई।

पुलिस ने कहा कि घटना के पीछे जो लोग हैं उनकी अभी पहचान नहीं की जा सकी है और यह तुरंत स्पष्ट नहीं है कि ट्रकों में आग क्यों लगाई गई।

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ट्रकों को जलने से नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

मणिपुर में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थीं। तब से अब तक कम से कम 150 लोगों की जान जा चुकी है।

मणिपुर की 53 प्रतिशत आबादी मेइती समुदाय की है और यह मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहती है। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और यह मुख्यत: पर्वतीय जिलों में रहती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)