देश की खबरें | श्रीनगर के बाहरी इलाके में मुठभेड़ में पहलगाम हमले के कथित मास्टमाइंड समेत तीन आतकवादी हुए ढ़ेर

श्रीनगर, 28 जुलाई जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के बाहरी इलाके के जंगलों में सेना के शीर्ष पैरा कमांडो ने सोमवार को पहलगाम आतंकवादी हमले के कथित मास्टरमाइंड और उसके दो साथियों को मार गिराया, जिसे एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 22 अप्रैल के पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा सुलेमान उर्फ आसिफ सोमवार को उस समय मारा गया, जब सुरक्षा बलों ने एक तकनीकी संकेत मिलने के बाद ‘ऑपरेशन महादेव’ नामक अभियान शुरू किया।

उन्होंने बताया कि यह तकनीकी संकेत एक ऐसे सैटेलाइट फोन के इस्तेमाल का इशारा कर रहा था, जिसका उपयोग पहलगाम हमले के हमलावरों ने भी किया था।

अधिकारियों के मुताबिक, आज सेना की कार्रवाई में मारे गए अन्य आतंकवादियों की पहचान जिब्रान (जो पिछले साल सोनमर्ग सुरंग हमले में कथित रूप से शामिल था) और हमजा अफगानी के रूप में हुई है।

पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतकों में अधिकतर पर्यटक थे। इसके बाद सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचे के खिलाफ सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था।

अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर क्षेत्र में आतंकवादियों के एक अन्य समूह की मौजूदगी की आशंका के चलते सेना और अन्य सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां वहां भेजी गई हैं।

जिबरान पिछले साल अक्टूबर में गगनगीर में सोनमर्ग सुरंग परियोजना पर हुए हमले में कथित रूप से शामिल था। इस हमले में एक डॉक्टर समेत सात लोग मारे गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को मुठभेड़स्थल से एक एम4 कार्बाइन राइफल, दो एके राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए।

मारे गए आतंकवादियों के शव स्थानीय पुलिस को सौंप दिए गए हैं, जिससे मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार उनकी पहचान करने, कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और अंतिम संस्कार करने में मदद मिली।

एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे 24वीं राष्ट्रीय राइफल और चौथे पैरा यूनिट के जवानों के एक दल को तीन आतंकवादियों का पता चला ।

पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) वीके बिरदी ने कहा कि यह एक लंबा अभियान था, जो अंतिम रिपोर्ट मिलने तक जारी रहा।

पहले श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया किया था कि ‘ऑपरेशन महादेव’ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं।

चिनार कोर ने कहा था, ‘‘भीषण मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। ऑपरेशन जारी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)