देश की खबरें | होटलकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में तीन पुलिसकर्मी लाइन हाज‍िर

जयपुर, 13 जून राजस्थान के अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा एक होटल के कर्मचारियों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाने के तीन पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजा गया और मामले की जांच एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी गई।

होटल प्रबंधन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी ने तीन-चार पुलिसकर्मियों के साथ सोमवार देर रात होटलकर्मियों से मारपीट की।

गेगल थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ होटलकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि "हमने मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) विजिलेंस को सौंप दी है।"

वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी होटल स्टाफ से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद होटल प्रबंधन ने एक आईपीएस अधिकारी और कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

होटलकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राजपूत समाज ने मंगलवार को आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन दिया है।

इस संबंध में आईपीएस अधिकारी (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) अजमेर सुशील बिश्नोई ने बताया कि होटल कर्मचारियों ने झूठे आरोप लगाये है। मारपीट की सूचना पर पुलिस दल के साथ मौके पर गया था और समझाइश कर मामला शांत करवाया था।

अजमेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट की ओर से जारी एक आदेश के अनुसार गेगल थाने के एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) और दो कांस्टेबल को पुलिस लाइन भेजा गया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

कुंज पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)