देश की खबरें | दिल्ली के किशनगढ़ में कुत्तों को लेकर हुई कहासुनी के चलते मणिपुर के तीन लोगों पर हमला

नयी दिल्ली, 19 दिसंबर दक्षिणी दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में धारदार हथियार लिए एक समूह ने एक महिला समेत मणिपुर के तीन लोगों पर कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि घटना 17 दिसंबर को तब हुई जब होटल में काम करने वाला चोनकीथांग सिंगसित (18) किशनगढ़ में पहाड़ी पार्क के निकट अपने दोस्त थांगे तुबिल को छोड़ने आया था।

उन्होंने बताया कि रास्ते में कुछ कुत्ते उन पर भौंकने लगे, जिसके बाद दोनों ने उन्हें भगाने के लिए पत्थर फेंका, लेकिन स्थानीय निवासियों को यह अच्छा नहीं लगा।

सिंगसित ने पुलिस को बताया कि पत्थर मारने को लेकर नजदीकी पार्क में बैठे कुछ स्थानीय निवासियों की उनसे कहासुनी हो गई।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, “आरोपियों ने तुरंत कुछ और लोगों को बुला लिया तथा सिंगसित व उसके दोस्त को मुक्के मारे तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया।”

अधिकारी ने कहा कि शोर सुनकर एक महिला समेत सिंगसित के तीन दोस्त उन्हें बचाने आए, लेकिन उन पर भी हमला कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि महिला समेत तीन घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

इस संबंध में भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर रवीन्द्र टोकस नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा कि मामले में शामिल दो और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)