देश की खबरें | गोवा में अल्पकालिक वीजा पर आए तीन पाकिस्तानियों को देश छोड़ने को कहा गया: मुख्यमंत्री

पणजी, 25 अप्रैल गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि अल्पकालिक वीजा पर राज्य में रह रहे तीन पाकिस्तानी नागरिकों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा के अनुसार देश छोड़ने के लिए कहा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य भर में तत्काल प्रभाव से सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रवासी आबादी वाले इलाकों में शनिवार से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

भारत ने बृहस्पतिवार को 27 अप्रैल से पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करने की घोषणा की, क्योंकि 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

बैठक के बाद पोरवोरिम स्थित मंत्रालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “अल्पकालिक वीजा पर राज्य में रह रहे तीन पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए कहा गया है।”

उन्होंने कहा, “उनके अलावा, 17 अन्य पाकिस्तानी नागरिक भी हैं जो दीर्घकालिक वीजा पर गोवा में हैं और सुरक्षा एजेंसियां ​​उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)