अमेरिका में विश्वविद्यालय के पास हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, दो घायल
अमेरिका की ‘यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी’ के परिसर के पास सोमवार को गोलीबारी की एक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए.
सिनसिनाटी (एपी), 2 जुलाई : अमेरिका की ‘यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी’ के परिसर के पास सोमवार को गोलीबारी की एक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए. इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है जिसमें से एक घायल है. सिनसिनाटी पुलिस के कैप्टन मार्क बर्न्स ने बताया कि इलाके में मौजूद पुलिस ने गोलियों की आवाज सुनी और विश्वविद्यालय परिसर से करीब आधा मील दूर एक सड़क पर चार पुरुष मिले जिन्हें गोलियां लगी थीं.
उन्होंने बताया कि गोली लगने से घायल पांचवां व्यक्ति खुद ही अस्पताल चला गया. विश्वविद्यालय के सार्वजनिक सुरक्षा विभाग ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि पुलिस इस घटना में कार्रवाई कर रही है. विभाग ने बाद में पोस्ट में कहा कि यह गोलीबारी की घटना थी और उसने लोगों से ‘‘सतर्क रहने व जरूरत के अनुसार कदम उठाने को’’ कहा. यह भी पढ़ें : विशाल हथियार ले जाने में सक्षम नयी बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया : उत्तर कोरिया
करीब एक घंटे बाद विभाग ने संदेश जारी करके सब कुछ ठीक होने की बात कही और कहा कि "भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा." बर्न्स ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल पर कई बंदूकें मिलीं. उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए दो लोगों में से एक बंदूक लेकर एक घर में घुस गया था और कुछ देर के गतिरोध के बाद वह आखिरकार खुद ही बाहर आ गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2024 08:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

