देश की खबरें | सोने की तस्करी के प्रयास में तीन केन्याई महिलाएं गिरफ्तार

मुंबई, 19 अगस्त नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तीन केन्याई महिलाओं द्वारा शरीर में छिपाया गया करीब एक किलोग्राम सोना जब्त किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तीनों मंगलवार रात दोहा से यहां उतरी थीं।

एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एनसीबी ने खुरेशा अली (61), अब्दुल्लाही अब्दिया अदन (43) और अली सादिया अलो (45) को पकड़ लिया।

अधिकारी ने बताया कि उनके सामान में कुछ भी अवैध नहीं पाया गया, लेकिन पूछताछ के दौरान महिलाओं ने यह कहते हुए चिकित्सा सहायता मांगी कि वे असहज महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें सरकारी जे जे अस्पताल ले जाया गया जहां पता चला कि उन्होंने शरीर में सोना छिपाया था।

डॉक्टरों की देखरेख में कुल 937.78 ग्राम वजन के कुल 17 टुकड़े सोने के 13 पैकेट बरामद किए गए।

अधिकारी ने बताया कि चूंकि एनसीबी सोने की तस्करी का मामला नहीं देखता है, इसलिए मामला सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)