नयी दिल्ली, दो मार्च दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थ के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 170 ग्राम एमडीएमए जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 85 लाख रुपये है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
एमडीएमए को ‘मोली’ या ‘एक्स्टसी’ के नाम से भी जाना जाता है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में मादक पदार्थ की आपूर्ति कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने 24 फरवरी को मसूदपुर गांव के पास छापा मारा। इस दौरान तीन संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उनमें से मोहम्मद राहुल (23) और एसके साबिर (36) को पकड़ लिया गया।’’
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिमी) सुरेंद्र चौधरी ने कहा, ‘‘तलाशी के दौरान 97 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि उनका साथी मोहम्मद बाबुल भाग गया है। पुलिस ने 28 फरवरी को बाबुल को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 73 ग्राम एमडीएमए बरामद किया।’’
आरोपी जेल में बंद मादक पदार्थ तस्कर आर्यन और टोनी से जुड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थे।
अधिकारी ने बताया कि साबिर का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा, जबकि बाबुल पर फरीदाबाद में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है और बाबुल का छोटा भाई राहुल हाल ही में नेटवर्क में शामिल हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY